पेंशन योजना से जरूरतमंद महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की राह
जरूरतमंद महिलाओं के लिए राजपूत समाज की पेंशन योजना की आठवीं किश्त वितरित
सामाजिक सहयोग से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे कदम : कर्नल दुष्यंत सिंह सिसोदिया
कोटा। स्मार्ट हलचल।राजपूत समाज द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद महिलाओं को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित पेंशन योजना के अंतर्गत सोमवार को चौहान भवन, बापू नगर कंसुआ में 50 महिलाओं को आठवीं मासिक किश्त का वितरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में लाभार्थी महिलाओं को पेंशन राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल दुष्यंत सिंह सिसोदिया ने कहा कि समाज की कमजोर एवं जरूरतमंद महिलाओं की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक दायित्व है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि राजपूत समाज सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से जरूरतमंद वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि समाज का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना तथा किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अभावग्रस्त नहीं रहने देना है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के आयोजक रविन्द्र सिंह हाड़ा, विवेक सिंह सिसोदिया एवं राजेश सिंह परिहार ने कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से सेवा कार्यों का दायरा निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के अंत में रविन्द्र सिंह हाड़ा ने सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं समाज बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना संभव हो पाया है।
