जेन-जी के जोश से चुनावी मैदान में 21 वर्षीय सानिया, दादा ने भी ठोकी निर्दलीय ताल

अलकेश पारीक

 

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन के दौर में जहाजपुर की सियासत में एक दिलचस्प और चर्चित तस्वीर सामने आई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए जेन-जी (Gen Z) प्रोटेस्ट से प्रभावित होकर महज 21 वर्षीय सानिया ख़ानम ने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। सानिया ने पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।

इस नामांकन की खास बात यह रही कि सानिया के दादा एवं जहाजपुर पालिका में कांग्रेस के वरिष्ठ रहे पार्षद नजीर मोहम्मद ने भी वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं, उनकी बुआ ने भी चुनावी मैदान में उतरते हुए नामांकन पत्र दाखिल किया। एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के अलग-अलग वार्डों से चुनाव मैदान में उतरने को लेकर शहर की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

जेन-जी प्रोटेस्ट से प्रभावित होकर लिया चुनाव लड़ने का फैसला

मीडिया से बातचीत में 21 वर्षीय सानिया ख़ानम ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए जेन-जी प्रोटेस्ट ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का फैसला उनका खुद का निर्णय है और उनके दादा नजीर मोहम्मद उन्हें चुनाव लड़ने के लिए पूरा समर्थन दे रहे हैं।

सानिया का कहना है कि युवाओं को भी राजनीति और जनप्रतिनिधित्व में आगे आना चाहिए। उनका चुनावी मैदान में उतरना जहाजपुर में युवा भागीदारी और बदलती राजनीतिक सोच की ओर संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

आज सात उम्मीदवारों ने दाखिल किए आठ नामांकन

नामांकन के दौरान भाजपा की ओर से राधेश्याम बारेठ ने वार्ड नंबर 18 से नामांकन दाखिल किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में अरविंद भुवालिया ने वार्ड नंबर 7, गीता ने वार्ड नंबर 13 और भंवर बंडेला ने वार्ड नंबर 14 से नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान आज कुल सात उम्मीदवारों ने आठ नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें सबसे कम उम्र की उम्मीदवार 21 वर्षीय सानिया ख़ानम रहीं।

कांग्रेस से आज नहीं आया कोई नामांकन

नामांकन के इस दौर में कांग्रेस पार्टी की ओर से आज एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। इससे नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों और रणनीति को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वहीं, सानिया ख़ानम के वार्ड नंबर 6 से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने और उनके दादा नजीर मोहम्मद के वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय नामांकन दाखिल करने से दोनों वार्डों के चुनावी समीकरणों को लेकर भी नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया है।

जहाजपुर के इस चुनाव में अब युवा जोश, पारिवारिक सियासी विरासत और निर्दलीय दावेदारी—तीनों का दिलचस्प संगम देखने को मिल रहा है।