लायंस क्लब एक्टिव का भव्य पदस्थापना समारोह आयोजित, सदस्यों ने ली सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की शपथ
अनिल जांगिड़
स्मार्ट हलचल|लायंस क्लब एक्टिव बिजयनगर का पदस्थापना समारोह 27 मिल चौराहे स्थित होटल तेजस्विनी के द्वारिका परिसर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र मदान थे। समारोह में उनका बिजयनगर प्रथम आगमन पर क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेंद्र मदान ने कहा कि “सेवा और मित्रता को अपनाने से अकल्पनीय परिणाम मिलते हैं।” उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने क्लब के सदस्यों से सेवा भावना के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं एवं महिला सदस्यों को अधिक से अधिक संख्या में क्लब से जोड़ने पर जोर दिया।
पदस्थापना अधिकारी अविनाश शर्मा ने लायंस क्लब एक्टिव के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि राजेंद्र मदान ने भी क्लब के सभी सदस्यों को सेवा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेश गोयल ने सेवा कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची मानव सेवा है। अखिल भारतीय खंडेलवाल महासभा के प्रतिनिधि कालीचरण दास खंडेलवाल, विशिष्ट अतिथि कैलाश खंडेलवाल एवं अंकित खंडेलवाल ने भी अपने संबोधन में सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण कर्म बताते हुए लायंस क्लब एक्टिव को सेवा कार्यों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष राधे गोपाल खंडेलवाल ने अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए क्लब की गतिविधियों एवं आगामी सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब एक्टिव समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा।
समारोह में भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों की सारगर्भित व्याख्या करते हुए ‘कृष्णार्पण’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वक्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके उपदेशों से प्रेरणा लेकर समाज एवं मानवता की सेवा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं सेवा भावना से ओतप्रोत रहा।
समारोह में शहर के विभिन्न लायंस क्लबों से जुड़े लायन सदस्य, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर समारोह को सफल बनाया।
