रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा करने की मांग, ज्ञापन सौंपा

बानसूर। स्मार्ट हलचल|विधानसभा क्षेत्र के चतरपुरा गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पूर्व मंत्री शकुंतला रावत के नेतृत्व में कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता से मुलाकात की। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत चतरपुरा की ढाणी चारणा स्थित गैर-मुमकिन रास्ते (खसरा नंबर 658) को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को बताया कि चतरपुरा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य जारी है। लेकिन रास्ते पर अतिक्रमण के कारण सड़क कई स्थानों पर संकरी हो गई है। इससे आमजन और ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी हो रही है। विशेषकर बड़े और कृषि कार्य में उपयोग होने वाली गाड़ियों को आवाजाही प्रभावित हो रही है। पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से रास्ते को चौड़ा करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण के दौरान अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो भविष्य में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। रावत ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने और सड़क को नियमानुसार चौड़ा करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की। जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।