ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का आज कनवास क्षेत्र के दौर पर, ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कार्यक्रमों की करेंगे समीक्षा

​बी एम राठौर

स्मार्ट हलचल।सांगोद 29 मई को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को कोटा जिले के कनवास क्षेत्र के सघन दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के अंतर्गत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रमों और जल संवर्धन गतिविधियों की जमीनी स्तर पर व्यापक समीक्षा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी कनवास के मण्डल अध्यक्ष सत्यवान नागर ने बताया कि प्रशासन और संगठन स्तर पर इस कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को कनवास तहसील के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामीण अंचलों का दौरा करेंगे। वे मुख्य रूप से ग्राम कुराड़, ढोटी, देवली, खजूरना, आवां और सावनभादौ सहित क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों में पहुंचेंगे। इन सभी स्थानों पर आयोजित विशेष बैठकों और निरीक्षण कार्यक्रमों के तहत ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ की प्रगति जांची जाएगी। इसके साथ ही गांवों को स्वच्छ और जल-आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित स्वच्छता कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
​दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों और आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करेंगे। मण्डल अध्यक्ष सत्यवान नागर ने बताया कि मंत्री नागर के साथ विभाग के आला अधिकारी और प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहेगा, ताकि स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सके।