साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ रहने का संदेश
बूंदी- स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार के ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत शुक्रवार को जैतसागर क्षेत्र में श्रमदान और स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भड़ाणा, ने श्रमदान कर आमजन को साफ-सफाई और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।
बोर्ड अध्यक्ष ने बूंदी के नैसर्गिक और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने के लिए नियमित श्रमदान करने की बात भी कही।जैतसागर झील किनारे बोर्ड अध्यक्ष के साथ जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, महामंत्री संजय लाठी, ऑयल इंडिया के निदेशक मोतीलाल मीणा, पूर्व नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, राजकुमार श्रृंगी, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय, तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा ने श्रमदान किया।
पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए बोर्ड अध्यक्ष और जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने जैतसागर झील से लेकर चौथ माता मंदिर तक साइकिल चलाकर सफर तय किया। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधन बचाने और अपनी नियमित दिनचर्या में साइकिल को शामिल कर स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।
श्रमदान के अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को लेकर संकल्पित है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जल बचत और जल स्रोतों की साफ-सफाई के इस महाभियान से आमजन को अधिकाधिक संख्या में जुड़ना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी सहेजा जा सके। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के माध्यम से कुएं, बावड़ी, तालाब आदि जल स्रोतों की साफ-सफाई की जा रही है ताकि आगामी मानसून में बारिश के पानी को संरक्षित किया जा सकें।
