दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप ‘अनुभव’ का स्नेह मिलन समारोह आयोजित
सावन उत्सव में उम्र को मात देता उत्साह, 60 से 85 वर्ष के सदस्यों ने जमाया रंग
कोटा। स्मार्ट हलचल|दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप ‘अनुभव’, कोटा की ओर से बूंदी रोड स्थित एक रिसॉर्ट में सावन उत्सव एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 60 से 85 वर्ष आयु वर्ग के करीब 130 दंपती सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन की थीम पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रश्नोत्तरी और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं पुरुष सदस्यों ने सामूहिक रूप से भागीदारी की।
ग्रुप अध्यक्ष अशोक जोरा एवं मंत्री विमल जैन ने बताया कि ‘अनुभव’ ग्रुप वर्षभर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहता है। ग्रुप की ओर से निर्धन महिलाओं को पेंशन, जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आर्थिक सहायता तथा शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। समारोह के दौरान इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक छात्र को लैपटॉप भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर फेडरेशन के राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त ‘ज्वेल्स ऑफ द ईयर’ सम्मान के उपलक्ष्य में ग्रुप पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका सम्मान किया।
ग्रुप के सदस्य एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश एस.के. जैन तथा जेनेन्द्र जैन ने अपने संबोधन में ‘अनुभव’ ग्रुप द्वारा वर्षभर किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रुप से जुड़कर सदस्य स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं।
समारोह में महिला एवं पुरुष सदस्यों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कोषाध्यक्ष प्रकाश पाटनी ने बताया कि जिन दंपतियों के वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र बज, नरेन्द्र जैन, पारस सोगानी, नेमीचन्द शाह, पी.सी. गोधा, अशोक रांवका, कमल बोहरा, महेन्द्र जैन, एस.के. दोसी, विमल जैन वर्धमान सहित ग्रुप के बड़ी संख्या में दंपती सदस्य मौजूद रहे।
