*झांपदा पुलिस ने पिलानी से दबोचा आरोपी, गिरोह के तीन सदस्य पहले ही हो चुके गिरफ्तार; राजस्थान और हरियाणा में 15 से अधिक वारदात करना कबूला*
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|जिले की झांपदा थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झुंझुनूं जिले के पिलानी से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के तीन सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित हरियाणा में 15 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
*मोबाइल टावर से चुराया था ढाई लाख का उपकरण*
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को आरएस इंडस कंपनी के सुपरवाइजर नानगराम मीना ने झांपदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 11 अगस्त की रात करीब 1:51 बजे ग्राम झांपदा स्थित एयरटेल मोबाइल टावर पर उपकरणों से छेड़छाड़ का अलार्म मिला था। इसके बाद फील्ड मैनेजर ने ग्रामीण पहलवान सैनी को फोन कर टावर की निगरानी करने के लिए कहा।
मौके पर पहुंचने पर पहलवान सैनी ने टावर पर चार व्यक्तियों को चढ़े हुए देखा। टावर के पास सड़क पर सफेद रंग की वैगनआर कार भी खड़ी थी, जिसका नंबर यूपी 14 सीपी 0908 था। पुलिस को सूचना दिए जाने तक आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह जांच करने पर टावर से एक आरआरयू उपकरण गायब मिला, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई।
इस संबंध में पुलिस थाना झांपदा में प्रकरण संख्या 84/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
*तीन आरोपी पहले गिरफ्तार, चौथा भी पकड़ा*
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार को भी जब्त किया गया था। मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी सोनू कुमार उर्फ विकास वाल्मीकि को अब झुंझुनूं जिले के पिलानी से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार उर्फ विकास वाल्मीकि (31) पुत्र सुभाष वाल्मीकि, निवासी साईं मंदिर के पास, पिलानी, हाल निवासी केडिया कॉलोनी, ढिंढवा सर्किल के पास, पिलानी, जिला झुंझुनूं का रहने वाला है।
*राजस्थान और हरियाणा में 15 से अधिक वारदातें कबूलीं*
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर नागौर, सीकर, जयपुर, लालसोट (दौसा), चित्तौड़गढ़, डीडवाना-कुचामन, टोंक, सवाई माधोपुर और झांपदा सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों तथा हरियाणा में 15 से अधिक वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपी कोटा ग्रामीण जिले के कैथून थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 331/23 तथा सुकेत थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 233/26 में भी वांछित बताया गया है।
*थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम की कार्रवाई*
जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा और वृत्ताधिकारी लालसोट सत्यनारायण यादव के सुपरविजन में झांपदा थानाधिकारी सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रोहिताश की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल रमेश, रामपाल और सतवीर भी शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।