कोतवाली पुलिस ने मध्य प्रदेश से दो महिला आरोपियों को किया नामजद, निशानदेही पर 3 लाख रुपये नकद बरामद
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|शहर के गांधी तिराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बुजुर्ग महिला के बैग में ब्लेड से चीरा लगाकर 3 लाख 16 हजार 500 रुपये चोरी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में मध्य प्रदेश निवासी दो महिला आरोपियों की पहचान कर उनकी निशानदेही पर चोरी की राशि में से 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
*प्लॉट बेचकर मिली रकम पर चोरों ने किया हाथ साफ*
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को करौली जिले के नादौती थाना क्षेत्र के केमरी निवासी शीला देवी (58) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जोशी की कोठी स्थित अपना प्लॉट बेचने के बाद मिले 3 लाख 16 हजार 500 रुपये शंकर स्टेशनरी पर कागजात तैयार करवाने के बाद बैग में रख लिए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे गांधी तिराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय अज्ञात चोरों ने उनके बैग में ब्लेड से चीरा लगाकर नकदी पार कर ली।
रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में प्रकरण संख्या 448/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
*सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग*
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा और वृत्ताधिकारी कपिल गुप्ता के सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों और अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान दो संदिग्ध महिलाएं बैंकों में रेकी करती और परिवादिनी का पीछा करती नजर आईं।
तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश के शामगढ़ (मंदसौर) पहुंची। वहां संदिग्धों से पूछताछ के बाद स्थानीय मुखबिरों और थाना बोड़ा पुलिस के सहयोग से दोनों महिला आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
*आरोपियों की निशानदेही पर 3 लाख रुपये बरामद*
पुलिस के अनुसार, कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों महिलाओं ने बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत जारी नोटिस की पालना की। इसके बाद पुलिस ने उनसे गहन पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई राशि में से 3 लाख रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए। बरामद रकम में 500 रुपये के 578 नोट, 200 रुपये के 52 नोट और 100 रुपये के 6 नोट शामिल हैं।
*मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं दोनों आरोपी महिलाएं*
पुलिस के अनुसार, मामले में पहचान की गई दोनों महिलाओं के नाम अंजलि सिसोदिया (26), पत्नी अभिषेक सिसोदिया, निवासी गुलखेड़ी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) तथा काशो बाई उर्फ कस्तूरी (31), पत्नी शालू सांसी, निवासी कड़िया सांसी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) हैं।
*पुलिस टीम ने की कार्रवाई*
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय, उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल अजय परेवा, कांस्टेबल विजय और आरटी नंदू शामिल रहे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले का खुलासा किया।