लाखेरी -स्मार्ट हलचल|इंद्रगढ़ नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी ब्रजभूषण शर्मा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नानकराम मीना के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि कस्बे की नगरपालिका में अगस्त 2025 से अब तक जितने भी स्टोर व निर्माण के टेंडर जारी हुए हैं, वह सब सरकारी दर पर जारी किए गए, जबकि इससे पूर्व नगरपालिका में कार्यादेश सरकारी दर से 30% कम पर जारी किए गए थे, जिससे प्रतीत हो रहा है, कि पिछले 6 माह में ही अधिकारी ने सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपए का नुक़सान किया। जिसमें तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष एवं कनिष्ठ अभियंता की मिलीभगत भी रही है। नगरपालिका में स्टोर शाखा में भी लाखों का गबन किया है, क्योंकि लाखों रुपए के सामानों के कोटेशन एवं बिल बनाकर भुगतान कर दिए गए। जबकि खरीदें गए सामानों का लेखा जोखा ना तो स्टोर में है, ना मूल रूप से मौजूद हैं। नगरपालिका पार्षदों एवं आमजन ने अधिशाषी अधिकारी पर आरोप लगाते हुए बताया कि इनके पास जब से कार्यभार आया है, तब से कस्बे में अतिक्रमणकारियों की बाढ़ आ गई, जगह जगह अतिक्रमण हो रहें हैं। अपने चहेते को टेंडर दिए गए, जो भ्रष्टाचार कर रहे हैं। पालिका पूर्व पार्षदों ने उपखंड अधिकारी से भ्रष्टाचार एवं गबन की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नानकराम मीना, इंदरगढ़ नगर अध्यक्ष कांग्रेस राजू मेव ,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बाबूलाल बैरवा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा, लाखेरी नगर अध्यक्ष कांग्रेस चौथमल बैरवा, पुरूषोत्तम बैरवा, शम्भू सोनी, प्रदीप सिंह हाड़ा, नरेंद्र जैन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
