सड़क पर स्टंट करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, थार गाड़ी जब्त

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|नागौर जिले के रोल कस्बे में शादी समारोह के दौरान डीजे के पीछे-पीछे चल रही एक थार गाड़ी द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक थार गाड़ी (नंबर RJ 07 CC 0904) का चालक सड़क पर वाहन को लहराते हुए खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा था। वीडियो में वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई देने पर पुलिस ने राजकॉप के माध्यम से जांच शुरू की। जांच में वाहन रोल कस्बे का होना सामने आया, जिसके बाद थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम ने वाहन की पहचान करते हुए आरोपी चालक को ट्रेस किया, जो कि रोल थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर राजूराम पुत्र कानाराम जाट (उम्र 31 वर्ष) निवासी रोल निकला। पुलिस ने उसे दस्तयाब कर धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा स्टंट में प्रयुक्त थार गाड़ी को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर इस प्रकार के स्टंट करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं और अन्य लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा भी है। तेज रफ्तार और लापरवाही से किया गया एक छोटा सा स्टंट भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।