दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान सहित 10 राज्यों के करीब 200 जनसंपर्क व मीडिया अधिकारियों ने लिया भाग, भीलवाड़ा से डीपीआरओ रविंद्र वैष्णव रहे शामिल
दिल्ली/भीलवाड़ा |स्मार्ट हलहल|निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से दिल्ली में मीडिया एवं संचार अधिकारियों का तीसरा एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में राजस्थान सहित 10 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 200 जिला जनसंपर्क अधिकारी, मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी तथा राज्य जनसंपर्क विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व जिला जनसंपर्क अधिकारी रविंद्र वैष्णव ने किया।
सम्मेलन को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने संबोधित किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रत्येक कार्रवाई संविधान, चुनावी कानूनों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की जाती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चुनौती बताते हुए अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी समय पर आमजन तक पहुंचाने और गलत सूचनाओं का प्रभावी खंडन करने का आह्वान किया। उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान का उल्लेख करते हुए इसे देश की चुनावी व्यवस्था पर मतदाताओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया।
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री नई चुनौतियां बनकर सामने आई हैं। ऐसे में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप त्वरित और प्रमाणिक सूचना प्रसारित करने पर जोर दिया।
सम्मेलन में चुनावी संचार रणनीति, मतदाता सूची से लेकर मतदान एवं मतगणना तक की प्रक्रिया, ईसीआई-नेट, संवैधानिक प्रावधान, मीडिया प्रबंधन, प्रेस नोट तैयार करने, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, फेक न्यूज और मिथकों से निपटने तथा निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से युवा मतदाताओं को जागरूक करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इसके अलावा प्रतिभागियों को समूहों में मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया का प्रदर्शन कराया गया तथा निर्वाचन आयोग की प्रदर्शनी और मीडिया कॉर्नर का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों ने चुनावी संचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सवाल रखे और आयोग के विशेषज्ञों ने उनका समाधान किया। सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव संबंधी सूचनाओं को आमजन तक तेजी, पारदर्शिता और विश्वसनीयता के साथ पहुंचाने के लिए मीडिया तंत्र को और अधिक सशक्त बनाना रहा।
