*किसानों को कपास की उन्नत खेती और कीट नियंत्रण की दी जानकारी*
भादसोड़ा – स्मार्ट हलचल|कृषि विभाग चित्तौड़गढ़ के कार्यालय सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) के निर्देशन में कपास उत्पादकता मिशन के अंतर्गत भादसोड़ा में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। शुक्रवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भादसोड़ा कस्बे के सुथारिया खेड़ा (भादसोड़ा खेड़ा) में हुआ, जिसमें किसानों को कपास की उन्नत खेती एवं उत्पादन बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को कपास की खेती में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देकर बेहतर उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि करना तथा बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
सहायक कृषि अधिकारी मुकेश जाट ने प्रशिक्षण के दौरान किसानों को कपास की फसल के लिए उन्नत कृषि तकनीक, खेत की तैयारी, उपयुक्त किस्म का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। भारतीय कपास निगम (भीलवाड़ा) के प्रतिनिधि सौरभ चौधरी ने समय पर कृषि कार्य करने और अनुशंसित तकनीक सलाह बनाने पर जोर दिया।
कृषि पर्यवेक्षक प्रशांत मीणा, बबली बुनकर, साहिल खान, से.नि. सहायक कृषि अधिकारी उदयलाल सेन, सावन मेनारिया ने किसानों को कपास की फसल में बेहतर प्रबंधन अपनाकर अधिक उत्पादन प्राप्त करने के बारे में बताया।