सफाई कर्मी की शिकायत पर विजिलेंस ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़कर लखनऊ ले गई टीम
लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में तैनात महिला लिपिक रेखा मिश्रा को ₹20 हजार की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद डीपीआरओ कार्यालय में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मी अखिलेश ने महिला लिपिक पर कार्य के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए विजिलेंस से शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। आरोप है कि जैसे ही महिला लिपिक ने शिकायतकर्ता से ₹20 हजार की रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी महिला लिपिक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महिला थाना ले जाया गया। प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम उसे अपने साथ लखनऊ रवाना हो गई।
इस कार्रवाई से जिला पंचायत राज विभाग सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भी हलचल मच गई। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
