DST और सदर थाना पुलिस ने महिला स्मैक तस्कर को दबोचा, 41 पुड़िया स्मैक व नगदी बरामद

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के कड़े रुख के बाद ब्यावर जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उजैनिया एवं वृताधिकारी (CO) राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम (DST) और ब्यावर सदर थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 2.68 ग्राम स्मैक और बिक्री की नगदी जब्त की है।

पुलिस को देखकर छिपने लगी थी महिला
सदर थाना पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को जिला स्पेशल टीम (DST) को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहार कॉलोनी, रामनगर मेंडिया की सांसी बस्ती में एक महिला अवैध रूप से स्मैक बेच रही है। सूचना पर DST प्रभारी विजय सिंह और सदर थाने के उप निरीक्षक अरविंद मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर एक महिला सकपका गई और छिपने का प्रयास करने लगी। तत्परता दिखाते हुए महिला कांस्टेबल अनीता की मदद से उसे घेराबंदी कर डिटेन किया गया।

प्लास्टिक की थैली से खुली पोल, 41 पुड़िया जब्त
महिला की नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से एक सफेद पारदर्शी प्लास्टिक की थैली मिली। पुलिस ने जब थैली को खोला तो उसमें कागज की कुल 41 पुड़िया बनी हुई थीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने उसमें अवैध मादक पदार्थ स्मैक होना स्वीकार किया। तोल करने पर स्मैक का कुल वजन 2.68 ग्राम पाया गया। इसके अलावा महिला के पास से स्मैक बेचकर कमाई गई 4,500 रुपये की नगद राशि भी बरामद की गई। पुलिस ने सामग्री व नगदी को जब्त कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

यह है गिरफ्तार आरोपी
नाम: लक्ष्मी (उम्र 35 साल)
पति का नाम: दौलत उर्फ विजय सांसी पता: सांसी बस्ती ब्यावर (हाल निवासी: लोहार कॉलोनी, रामनगर मेंडिया, ब्यावर सदर)

सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम:
इस संयुक्त कार्रवाई में DST प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह, सदर थाने के उप निरीक्षक अरविंद, सहायक उप निरीक्षक रामजस मीणा, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह (677), कांस्टेबल मांगीलाल (544), सुरेंद्र सिंह (1626), सुखपाल (1282), हरेंद्र (1444) और महिला कांस्टेबल अनीता (1524) की मुख्य भूमिका रही।

अनुसंधान जारी: पुलिस अब आरोपी महिला से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह स्मैक कहाँ से लेकर आती थी और ब्यावर में इसके मुख्य सप्लायर कौन-कौन हैं।