नवरात्रि से दशहरा तक सुरक्षा का सख्त पहरा, गड़बड़ी की सूचना मिलते ही होगी कार्रवाई
महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।त्योहारों पर शांति भंग करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। नवरात्रि स्थापना, महाराजा अग्रसेन जयंती, दुर्गाष्टमी, महानवमी और विजयादशमी को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर अधिकारियों को पुलिस के साथ समन्वय कर कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुभाषनगर-सदर क्षेत्र में एसडीएम प्रमोद सिरवी व नायब तहसीलदार परमजीत सिंह भाटी, कोतवाली-भीमगंज में तहसीलदार दिनेश कुमार साउ व लालाराम मीणा तथा गांधीनगर-प्रतापनगर-पुर क्षेत्र में राम सिंह गुर्जर व विनोद कुमार गोखरू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहर से जिले तक निगरानी का जिम्मा तय
किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। भीलवाड़ा शहर के लिए एडीएम प्रतिभा देवठिया तथा शहर को छोड़कर पूरे जिले के लिए एडीएम डॉ. हरीतिमा प्रभारी मजिस्ट्रेट नियुक्त की गई हैं। अन्य क्षेत्रों में संबंधित एसडीएम और तहसीलदार व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को अलर्ट रहकर किसी भी स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।