महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने गांधीनगर जयपुर स्टेशन का किया निरीक्षण, पुनर्विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर-स्मार्ट हलचल|दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यात्रियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है। यहां यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से रोककर चरणबद्ध रूप से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा, जिससे एक साथ भीड़ एकत्रित होने की स्थिति से बचा जा सके।
इन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने मंगलवार को गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर तैयार किए जा रहे रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य भी अंतिम चरण में हैं। महाप्रबंधक ने इन कार्यों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों की सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, प्रवेश एवं निकास मार्गों को सुगम बनाने तथा सीसीटीवी निगरानी और संकेतक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर तैनात सभी संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विवेक सक्सेना, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर जे.एस. लाकरा सहित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।