टैंकर-स्कूटी की टक्कर के प्रकरण में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय का फैसला; अभियोजन पक्ष आरोपी की लापरवाही साबित नहीं कर सका
चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|टैंकर और स्कूटी की टक्कर से जुड़े करीब सात वर्ष पुराने वाहन दुर्घटना के मामले में न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी को बरी करने का आदेश सुनाया। न्यायालय ने आरोपी पक्ष की ओर से प्रस्तुत तर्कों से सहमति जताते हुए यह फैसला दिया।प्रकरण के अनुसार, मधुवन चित्तौड़गढ़ निवासी परिवादी सुरेश मेहन्दीरता ने सदर थाना चित्तौड़गढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 फरवरी 2020 को शाम करीब 3 बजे उनके छोटे भाई की पत्नी रजनी स्कूटी से स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए टैंकर (आरजे-14-जीके-9537) ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टैंकर चालक की पहचान लक्ष्मीनारायण गुर्जर निवासी सिहोली, धौलपुर के रूप में बताई गई। दुर्घटना में रजनी गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 279, 337 और 338 के तहत न्यायालय में चालान पेश किया गया। प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 9 गवाहों के बयान कराए गए तथा विभिन्न दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
आरोपी लक्ष्मीनारायण की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ताओं ने तर्क दिया कि घायल रजनी ने दाएं-बाएं देखे बिना अचानक स्कूटी को रॉन्ग साइड मोड़ दिया था, जिससे उसकी अपनी लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई। न्यायालय में प्रस्तुत गवाहों के बयानों के अनुसार भी दुर्घटना स्कूटी चालक की लापरवाही से होना बताया गया। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि अभियोजन पक्ष या अनुसंधान अधिकारी की ओर से किसी भी गवाह से आरोपी की पहचान नहीं कराई गई और न ही इस संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
न्यायालय ने आरोपी पक्ष के तर्कों से सहमत होते हुए लक्ष्मीनारायण गुर्जर को बरी करने का आदेश सुनाया। आरोपी की ओर से अधिवक्ता भगवतसिंह गिलुण्डिया और गोर्वान सिंह गिलुण्डिया ने पैरवी की।