(चिमु धतरवाल)
बायतु।स्मार्ट हलचल|बायतु में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय रिजर्व बैंक के LDM श्री वीरेंद्र जी चारण ने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर की। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, मनी म्यूल, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड एवं संदिग्ध लिंक जैसी साइबर धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में समझाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
एरिया मैनेजर श्री चोखा राम चौधरी ने बचत, आर्थिक नियोजन एवं पंचसूत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा नियमित बचत और सही वित्तीय नियोजन के माध्यम से परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। सेंटर मैनेजर श्री मदनलाल ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) की जानकारी देते हुए इनके लाभ एवं पात्रता के बारे में बताया।
शिविर में मारवाड़ महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति से जुड़ी राजीविका महिलाओं एवं ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, वित्तीय जागरूकता एवं सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। राजीविका के बीपीएम श्री मनीष जी एवं वित्तीय साक्षरता केन्द्र के डीईओ श्री रणछा राम मूंढ सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
