नोटिस के बावजूद संचालकों ने नहीं दिए अभिलेख और जवाब, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर क्षेत्र में बिना वैध अभिलेखों के संचालित निजी क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयीपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने पांच निजी क्लीनिकों को सीज कर दिया है। वहीं, दरियामऊ और खखरेरू में संचालित दो अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। विभाग की इस कार्रवाई से निजी क्लीनिक संचालकों में खलबली मची है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, छह और सात अक्तूबर को विभिन्न निजी क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में 24 घंटे के भीतर वैध अभिलेखों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नौ अक्तूबर तक संबंधित संचालकों ने न तो उपस्थित होकर अभिलेख प्रस्तुत किए और न ही कोई लिखित जवाब दिया।
निर्धारित समय में जवाब और अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने पांच क्लीनिकों को सीज कर दिया। इनमें पवन सिंह के तेजमती क्लीनिक, शिवेंद्र कुमार वर्मा के मां सरस्वती पॉली क्लीनिक, विक्रम सिंह के कामदगिरि पॉली क्लीनिक, अथान के इस्माइल डेंटल केयर और विपिन कुमार के वैष्णवी क्लीनिक शामिल हैं।
इसके अलावा दरियामऊ स्थित आयुष्मान प्राइमरी हेल्थ केयर और खखरेरू स्थित लाइफ केयर पायलाजी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इन दोनों संस्थानों के संबंध में कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कार्रवाई से जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी खागा को भी अवगत कराया है। साथ ही संबंधित संस्थानों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की संस्तुति की गई है।