एक्सपायर सिरप बांटने से कानपुर में बाढ़ पीड़ित बच्चे बीमार

सुनील बाजपेई
कानपुर । स्मार्ट हलचल|यहां एक्सपायरी डेट का सिरप पीने के फलस्वरूप बाढ़ पीड़ित तीन बच्चे बीमार हो गए। फिलहाल इलाज के बाद उनकी हालत ठीक बताई गई है। यह घटना बर्रा थाना क्षेत्र की है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक यहां के बर्रा स्थित मयापुरम इलाके में बाढ़ पीड़ितों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से बांटे गए सिरप को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि जुलाई 2026 में एक्सपायर हो चुके सिरप का वितरण किया गया, जिसे पीने के बाद तीन बच्चों की हालत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि बच्चों को उल्टी होने लगी और तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम से शिकायत करने पर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय इलाज के लिए 100 रुपये दिए गए।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने एक्सपायर सिरप बांटने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि इस तरह के सिरप की सप्लाई नहीं हुई है । इसमें किसी की शरारत की आशंका है, जिसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।