निर्दलीय सत्यनारायण कीर ने कांग्रेस प्रत्याशी महावीर माली को दिया समर्थन, भाजपा से नाराजगी का जताया दावा

जहाजपुर नगरपालिका चुनाव में बड़ा उलटफेर

वार्ड 9 में निर्दलीय सत्यनारायण कीर ने कांग्रेस प्रत्याशी महावीर माली को दिया समर्थन, भाजपा से नाराजगी का जताया दावा

अलकेश पारीक

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। नगर पालिका चुनाव के बीच वार्ड नंबर 9 में सियासी समीकरणों में बड़ा बदलाव सामने आया है। वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार सत्यनारायण कीर ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा चुनाव में कीर समाज की कथित उपेक्षा से नाराजगी जताते हुए कांग्रेस प्रत्याशी महावीर माली को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।

पूर्व राज्यमंत्री धीरज गुर्जर के सान्निध्य में हुए इस घटनाक्रम के बाद वार्ड नंबर 9 की चुनावी तस्वीर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समर्थन की घोषणा करते हुए सत्यनारायण कीर ने कीर समाज के लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कीर ने भाजपा पर समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समाजबंधुओं से एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने और भाजपा को चुनाव में जवाब देने का आह्वान किया।

चुनाव के अंतिम दौर में सामने आए इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए वार्ड नंबर 9 में महत्वपूर्ण राजनीतिक समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, भाजपा के लिए यह घटनाक्रम वार्ड में नए सियासी समीकरण खड़े कर सकता है। अब देखना होगा कि मतदान के दिन यह समर्थन वोटों में कितना तब्दील होता है और वार्ड नंबर 9 के चुनावी परिणाम पर इसका कितना असर पड़ता है।