रायला के मालवा मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए,
मांडल में भी दुकानों की जांच
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य सामग्री की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को रायला में कार्रवाई करते हुए टीम ने करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन और चाशनी मौके पर ही नष्ट करवाई। वहीं, मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। दुकानदार को कमियां सुधारने के लिए नोटिस भी जारी किया जाएगा।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावटी और अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
शुक्रवार को रायला चौराहे स्थित मालवा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सामग्री की जांच करते हुए मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। इसके साथ ही करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन और चाशनी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। विभाग की ओर से संबंधित फर्म को पाई गई कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान बनेड़ा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बनवारी लाल यादव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रैगर, विजय कुमार मेहता और अंकित शर्मा मौजूद रहे।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने मांडल में भी खाद्य सामग्री की जांच की। यहां पटवारी सुपर बाजार का निरीक्षण कर मिर्च पाउडर का वैधानिक नमूना तथा हल्दी पाउडर का गैर-वैधानिक नमूना लिया गया। इसके बाद लड्डा किराणा स्टोर से सरस घी का वैधानिक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, संजय वर्मा और कुलदीप चौधरी मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता संदिग्ध लगने या अवधिपार सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।