भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, दो कोल्ड स्टोरेज से 1500 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

गुड़ और साबूत लाल मिर्च की गुणवत्ता पर उठे सवाल, मौके पर ही कराया निस्तारण; धनिया, चना और किशमिश के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे
भीलवाड़ा, 2 नवंबर। स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर विभागीय टीम ने चित्तौड़ रोड स्थित दो कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह के चलते 1500 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
कार्रवाई के दौरान दोनों कोल्ड स्टोरेज से 1000 किलोग्राम गुड़ और 500 किलोग्राम साबूत लाल मिर्च का निस्तारण कराया गया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद विभागीय टीम ने नियमानुसार इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवाया।
इसके साथ ही टीम ने कोल्ड स्टोरेज में रखे धनिया, चना और किशमिश के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।