80 पैकेट अवधिपार कुरकुरा-चिप्स जब्त कर मौके पर नष्ट, होटलों में दस्तावेजों की कमी उजागर; कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
( महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने जिले के विभिन्न होटल, कैफे और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान जहां खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए, वहीं एक प्रतिष्ठान पर अवधिपार कुरकुरा और चिप्स के करीब 80 पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया। टीम ने इन्हें जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाया।
कार्रवाई ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान कई जगह पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, हेल्थ सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट तक उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने संबंधित संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए सुधार नोटिस की कार्रवाई की।
चारभुजा कैफे में अवधिपार माल, 80 पैकेट जब्त
10 सितंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चारभुजा कैफे, मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां बेसन और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम को करीब 80 पैकेट अवधिपार कुरकुरा और चिप्स मिले। खाद्य पदार्थों की मियाद खत्म होने के बावजूद उनका प्रतिष्ठान में मौजूद होना गंभीर मामला माना गया। टीम ने सभी पैकेट जब्त कर जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाए।
यानी सवाल सीधा है—अगर टीम नहीं पहुंचती तो यह अवधिपार खाद्य सामग्री किसकी प्लेट तक पहुंचती?
पुलिस लाइन मेस से आटा-तेल के नमूने
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस लाइन मेस, भीलवाड़ा का भी निरीक्षण किया गया। यहां से आटे और तेल के नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
स्काई इंपीरियल होटल में दस्तावेज नदारद
11 सितंबर को स्काई इंपीरियल होटल, स्वरूपगंज का निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां से दही का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, हेल्थ सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली।
दस्तावेजों की कमी सामने आने पर होटल संचालक को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। विभाग ने कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।
लैंडमार्क में भी वही कहानी…
होटल लैंडमार्क, भीलवाड़ा में भी खाद्य सुरक्षा टीम पहुंची। यहां तेल और मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, पानी की जांच रिपोर्ट और हेल्थ सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए।
विभाग की ओर से यहां भी इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
ट्यूलिप होटल से पनीर का सैंपल
खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल ट्यूलिप का भी निरीक्षण किया। यहां से पनीर का नमूना लिया गया है। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।
अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर हैं। सैंपल की रिपोर्ट बताएगी कि खाद्य पदार्थ मानकों पर कितने खरे उतरते हैं।
सिर्फ नोटिस नहीं, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार यादव, नीरज मीणा और शाहरुख खान सहित टीम मौजूद रही।
सवाल अब प्रतिष्ठानों से…
खाद्य कारोबार में छोटी सी लापरवाही भी सीधे आम आदमी की सेहत से जुड़ती है। अवधिपार खाद्य सामग्री का मिलना और जरूरी स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेजों का उपलब्ध नहीं होना महज कागजी कमी है या व्यवस्था में बड़ी लापरवाही?
अब देखना होगा कि नोटिस और सैंपलिंग के बाद प्रतिष्ठानों की व्यवस्था सुधरती है या अगली कार्रवाई तक वही लापरवाही फिर सामने आती है।