14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए होगा मतदान
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चौथे चरण के तहत टोंक जिले की चार पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में 14 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय टोंक से मतदान दल रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम, बैलेट पेपर एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर टीना डाबी, एडीएम विनोद कुमार मीना, सीईओ राकेश कुमार मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
*3.76 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चौथे चरण में टोंक, मालपुरा (आंशिक), निवाई एवं टोडारायसिंह पंचायत समितियों के 74 वार्डों तथा जिला परिषद के 13 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 414 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
चौथे चरण में कुल 3 लाख 76 हजार 570 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 92 हजार 961 पुरुष तथा 1 लाख 83 हजार 609 महिला मतदाता शामिल हैं।
*14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान*
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
*16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए मतदान*
सरपंच एवं पंच पदों के लिए रविवार, 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं उपसरपंच का चुनाव मंगलवार, 17 नवंबर को निर्धारित किया गया है।