पंचायतीराज आम चुनाव-2026: टोंक जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू,

 

* मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध, सभाओं और सार्वजनिक बैठकों पर भी रहेगी रोक

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट टीना डाबी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा के आदेश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार टोंक जिले में चौथे चरण के तहत 14 एवं 16 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व की अवधि में चुनाव प्रचार प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में किसी भी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा विधि विरुद्ध जमाव, जनसभा आयोजित करने या उसमें भाग लेने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार 14 नवंबर को शाम 6 बजे तक मतदान समाप्ति की अवधि निर्धारित है। वहीं सरपंच एवं पंच पदों के लिए शनिवार 14 नवंबर शाम 6 बजे से सोमवार 16 नवंबर शाम 6 बजे तक सभाओं एवं सार्वजनिक बैठकों पर प्रतिबंध रहेगा। ये आदेश संबंधित मतदान क्षेत्रों में प्रभावी होंगे।
डोर-टू-डोर जनसंपर्क पर प्रतिबंध नहीं
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि निषेधाज्ञा की अवधि में प्रत्याशियों का डोर-टू-डोर जनसंपर्क प्रतिबंधित नहीं रहेगा। हालांकि मतदान केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में किसी भी अभ्यर्थी अथवा राजनीतिक दल द्वारा मतदान सहायता केंद्र स्थापित नहीं किया जा सकेगा।
मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे में मोबाइल प्रतिबंधित
मतदान दिवस पर कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि में मोबाइल, सेलफोन अथवा वायरलेस का उपयोग नहीं कर सकेगा और न ही इन्हें लेकर प्रवेश कर सकेगा। यह प्रतिबंध चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।