सूरौठ। स्मार्ट हलचल|कस्बा सूरौठ में 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही अटल प्रगति पथ सड़क के निर्माण में बरती जा रही धांधली की शिकायत भरतपुर संभागीय आयुक्त से की गई है। सर्व समाज के लोगों ने सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितता की जांच हेतु मौके पर जांच दल भेजने की मांग की है। कांग्रेस के ब्लॉक प्रवक्ता प्रमोद तिवाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता रिंकू मीणा, राहुल मीणा, जय सिंह, नाहर सिंह सहित काफी लोगों ने संभागीय आयुक्त को भेजें गए पत्र में अवगत कराया है कि अटल प्रगति पथ के निर्माण में तकनिकी मापदंडों एवं विभागीय नियमों की अवेहलना की जा रही है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कहीं पर चौड़ी एवं कहीं सकडी सड़क बनाई जा रही है। एक ही सड़क की चौड़ाई अलग-अलग स्थानों पर भिन्न रखी जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अनियमितताओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा तथा निर्माण कार्य को बंद करवा दिया जाएगा। पत्र की प्रतिलिपि करौली कलेक्टर, हिंडौन एसडीएम, सूरौठ तहसीलदार एवं पीडब्ल्यूडी के अधिक्षण अभियंता को भी भेजी गई है।
