वरडा विद्यालय में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित, 150 से अधिक विद्यार्थियों की हुई जाँच

दंत स्वास्थ्य एवं मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल*

उदयपुर, 17 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वरडा में पैसिफिक डेंटल कॉलेज, टीम संस्था एवं क्रिएटिव सर्कल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क दंत चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के 150 से अधिक विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।शिविर में पैसिफिक डेंटल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. शौकत, डॉ. घेबी, डॉ. साक्षी, डॉ. आकांक्षा एवं डॉ. दीपेश ने विद्यार्थियों के दाँतों की बारीकी से जाँच की। चिकित्सकों ने दंत स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों में दाँतों की उचित देखभाल एवं मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप अमेटा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों को अपने दाँतों एवं मुख के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बचपन से ही स्वच्छता और दाँतों की नियमित देखभाल की आदत विकसित करना आवश्यक है।

शिविर के संयोजक एव शिल्पकार हेमंत जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। इस तरह की पहल स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वस्थ शरीर और स्वच्छ जीवनशैली ही एक सशक्त एवं जागरूक भारत की आधारशिला हैं।

टीम संस्था के नाट्य निर्देशक सुनील टांक ने शिविर के सफल आयोजन पर सभी सहयोगियों, चिकित्सकों एवं विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित होने से वे अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस प्रकार बच्चों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

शिविर में विद्यालय की प्रभारी संगीता चौधरी, सुनील कोठारी, शालिनी भारद्वाज, देशराज सिंह राठोर, फूल सिंह मीणा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उनमें नियमित दंत जाँच एवं मुख स्वच्छता की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।