कोटा की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,

जीते स्वर्ण सहित 14 पदक

महिरा सेन, आर्निका गांधी और अनाया रावत ने जीता स्वर्ण पदक, खिलाड़ियों की सफलता पर एकेडमी में खुशी की लहर
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|कोटा में 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित ऑफिशियल एवं फ्रेशर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों के 20 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों की उपलब्धि से दी माउंटेन एकेडमी में खुशी का माहौल है।
दी माउंटेन एकेडमी की मुख्य कोच सभ्यता शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता की फ्रेशर कैटेगरी के बालिका वर्ग में महिरा सेन ने 18 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, लारन्या दस ने 20 किलोग्राम में रजत पदक, शान्वी जैन ने 24 किलोग्राम में कांस्य पदक, आर्निका गांधी ने 26 किलोग्राम में स्वर्ण पदक तथा अनाया रावत ने 29 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसी कैटेगरी के बालक वर्ग में दिव्यम पुरोहित ने 18 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक, प्रमित गुप्ता ने 32 किलोग्राम में रजत पदक तथा युवराज सिंह ने 29 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
ऑफिशियल कैटेगरी के सब-जूनियर बालिका वर्ग में कुनिका शर्मा ने 20 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक, दिव्यांशी जोशी ने 29 किलोग्राम में कांस्य पदक, न्यासा बारेठ ने 32 किलोग्राम में रजत पदक तथा जिया चौधरी ने 47 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। सब-जूनियर बालक वर्ग में उज्ज्वल सेन ने 21 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सीनियर आयु वर्ग में कनिष्क आचार्य ने रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की हिषिका गुसाईं, साक्षी जाट, विया बागड़ी, रक्षिता शर्मा, वंशिका तंवर और नेहा खटीक ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सफलता के बाद टीम के भीलवाड़ा लौटने पर दी माउंटेन एकेडमी के निदेशक ऋतिक ओझा, पूर्व पार्षद लव कुमार जोशी, समाजसेवी मुनेश देवी और जगमाल सिंह सहित अन्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।