इतिहास की ढाल से राजनीति की बिसात तक…… चित्तौड़गढ़ में ‘साख’ की नई दास्तान

विशेष राजनीतिक रिपोर्ट – आकाश शर्मा

​चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल।मेवाड़ की धरती और त्याग-बलिदान की कथाएं जब भी लिखी जाती हैं, अरावली की वादियों में गूंजता भील समुदाय का स्वाभिमान अनायास ही जीवंत हो उठता है। कभी राणा पूंजा भील और उनके जांबाज योद्धाओं ने महाराणा प्रताप के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मुगलों के सामने मेवाड़ की अस्मिता और स्वाभिमान की ढाल बनकर संघर्ष की लौ जलाए रखी थी । इतिहास गवाह है कि संकट की हर घड़ी में उस समुदाय ने साथ निभाया और मान-सम्मान की रक्षा की । आज वक्त का पहिया घूमकर चित्तौड़गढ़ की सियासी जमीन पर एक नई और दिलचस्प पटकथा लिख रहा है । ​इस बार सियासत के गलियारों में चर्चा का केंद्र पंचायत समिति का ‘प्रधान’ बनाने की जद्दोजहद है। चित्तौड़गढ़ में भाजपा के लिए यह महज एक पद नहीं, बल्कि साख और प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। अगर प्रधान की कुर्सी हाथ से फिसलती, तो नेताजी की प्रतिष्ठा से लेकर पार्टी की इज्जत तक सब कुछ दांव पर लग जाता । संकट गहराता देख भाजपा ने भी आनन-फानन में सियासी बिसात पर दांव चला, तमाम जोड़-तोड़ और ‘जुगाड़’ के ताने-बाने बुने और अंततः बाड़ेबंदी से RLP की शंकरी भील को अपने पाले में खींच लाने में कामयाबी हासिल कर ली ( सोशल मिडिया पर वायरल वीडियो ) । ​इतिहास के पन्नों से निकलकर आज फिर वही दृश्य एक नए सियासी रूप में सामने है, जहां कभी भील समुदाय ने राजपूतों और मेवाड़ की लाज रखी थी, वहीं आज चित्तौड़गढ़ में भील समुदाय की एक विजयी पंचायत समिति सदस्य भाजपा के पक्ष में उतरकर उसकी डूबती साख बचाने की निर्णायक भूमिका में नजर आ रही हैं । ​हालांकि, सियासी गलियारों में इसे अभी कयासों के चश्मे से ही देखा जा रहा है, लेकिन पर्दे के पीछे की चालें बेहद दिलचस्प हैं । चुनाव परिणामों के बाद जिले के नेताओं का निंबाहेड़ा में जुटना और फिर विरोधी खेमे के पेच में सेंध मारते हुए साहड़ा से शंकरी को अपने साथ ले जाना, यह सब किसी मंजे हुए सियासी खेल से कम नहीं था । जिस वक्त कांग्रेस अपनी जीत को संभालने और व्यवस्थित करने में मशगूल थी, उसी दौरान भाजपा ने जिला प्रमुख की हार को पीछे छोड़ते हुए अपना पूरा ध्यान पंचायत समिति पर केंद्रित रखा और बाजी मार ली ।
​मगर सियासत की यह शतरंज अभी पूरी तरह शांत नहीं हुई है, इसमें एक नया और तीखा पेच भी फंसा है। सूत्रों के अनुसार, जिले के एक कद्दावर नेता नहीं चाहते कि पंचायत समिति कांग्रेस की बने,इसके पीछे अपनी राजनीति को बचाने की सुगबुगाहट और आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पटकथा लिखे जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता,सूत्र तो यह भी कहते हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में चित्तौड़गढ़ मे ‘पेच’ एरिया की महत्वपूर्ण भूमिका होगी । दूसरी ओर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने सोमवार को महाधरने का ऐलान कर भाजपा की राह में कांटे बिछाने और सियासी समीकरण उलझाने की पुरजोर कोशिश की है। वहीं, भाजपा खेमे में वह रणनीतिकार भी मौजूद है, जिसे कमजोर आंकने की भूल पूरा जिला नहीं करता, जिसकी मैनेजमेंट कला और पकड़ का आलम यह है कि जिले में पत्ता भी उनकी बिना उसकी इजाजत के नहीं हिलता। ​कुल मिलाकर, चित्तौड़गढ़ की राजनीति में शतरंज की बिसात बिछ चुकी है। मोहरे चल दिए गए हैं और अब यह देखना रोमांचक होगा कि कब कौन-सा घर खाली कर दिया जाए। फिलहाल तो पूरी पार्टी उसी रणनीतिकार के इशारों पर कदमताल करती दिख रही है। इस सियासी संग्राम में किसने क्या खोया और किसने क्या पाया, इसका असली हिसाब तो आने वाला वक्त ही चुकता करेगा ।