संविधान के संकल्प से गूंजा जैतारण कॉलेज, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का प्रण

PPT के जरिए यूथ आइकॉन युवराज सिंह ने बताई संविधान की ताकत, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराया बोध

अनिल कुमार खीची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।संविधान की ताकत केवल उसके अधिकारों में नहीं, बल्कि नागरिकों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में भी निहित है। इसी संदेश के साथ संविधान दिवस पर गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय, जैतारण में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), ब्यावर की ओर से आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद- संविधान दिवस एडिशन’ में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में ब्यावर जिले के यूथ आइकॉन युवराज सिंह ने PPT प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण प्रक्रिया, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता को संविधान के मूल आधार बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को केवल पढ़ने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य अंशु राहड़, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान युवाओं ने संविधान के आदर्शों का सम्मान करने, नागरिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

आयोजन में सांवरमल जाट, जगदीश पाल जुड़िया, रेखा भाटी, अन्वीक्षा शर्मा, वेद सुरज्ञान नाथ, हरिप्रसाद जोशी, मुकेश सोलंकी, सुनीता एवं संगीता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं संयोजन मेरा युवा भारत ब्यावर के स्वयंसेवक पवन जांगिड़ ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।