धार्मिक विसर्जन और मृत्यु के बाद होने वाले कार्यक्रमों में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत, जल्द शुरू होगा निर्माण
धनराज भंडारी
सुनेल 26 नवम्बर
स्मार्ट हलचल|सुनेल के भवानीमंडी रोड से आहु नदी घाट तक करीब 20 फीट चौड़े सीसी रोड निर्माण को सार्वजनिक निर्माण विभाग ने स्वीकृति दे दी है। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। मार्ग चौड़ा होने से घाट तक आने-जाने वाले लोगों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि इस मार्ग को चौड़ा करने की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। वर्तमान में मार्ग सिंगल सीसी रोड होने के कारण धार्मिक आयोजनों के दौरान आवागमन में काफी परेशानी होती थी। सुनेल, भवानीमंडी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गणेश प्रतिमा, माताजी की प्रतिमा और मोहर्रम के ताजिए विसर्जन के लिए आहु नदी घाट पहुंचते हैं। संकरे रास्ते पर वाहनों के फंसने से कई बार तनावपूर्ण स्थिति भी बन जाती थी।
इसके अलावा आहु नदी घाट पर मृत्यु के बाद नहाने-धोने की रस्म तथा घाटे के कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे अवसरों पर संकरे मार्ग के चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क चौड़ी होने से धार्मिक आयोजनों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक वसुंधरा राजे सिंधिया तथा सांसद दुष्यंत सिंह का आभार जताया है।
पीडब्ल्यूडी के कनिष्ठ अभियंता संजय मीणा ने बताया कि भवानीमंडी रोड से आहु नदी घाट तक 20 फीट चौड़े सीसी रोड निर्माण कार्य जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। मार्ग चौड़ा करने के लिए रास्ते में आने वाले किसानों से समझाइश कर सहयोग लिया जाएगा।