अन्तर्राष्ट्रीय गुजरगौड़ ब्राह्मण महासभा का शपथ ग्रहण समारोह गंगापुर में संपन्न

नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा एवं संगठन विस्तार की शपथ

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल. अन्तर्राष्ट्रीय गुजरगौड़ ब्राह्मण महासभा की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गंगापुर-सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित बाईसा महारानी की पावन नगरी गंगापुर के सुहस्ति वाटिका में धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम महंत श्री 1008 श्यामसुंदर दास महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें समाज के प्रबुद्धजन एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया।

यह जानकारी महासभा के चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष शिरीष त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि समारोह में अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नवगठित कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा महर्षि गौतम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इसके बाद आगंतुक अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया। समारोह में अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित नारायण व्यास, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट श्याम शर्मा निंबाहेड़ा, केंद्रीय अधिशाषी अधिकारी कीर्ति कुमार शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरकंट उपाध्याय, राष्ट्रीय महामंत्री श्याम सुंदर त्रिपाठी, पूर्व विधायक गायत्री देवी त्रिवेदी, राजेंद्र त्रिवेदी, ज्योति उपाध्याय सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित नारायण व्यास ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, शिक्षा एवं संस्कारों में निहित होती है। उन्होंने युवाओं को वैदिक परंपराओं से जुड़ने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरकंट उपाध्याय ने कहा कि महासभा समाज के युवाओं को शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक चेतना से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करेगी। वहीं राजेंद्र त्रिवेदी ने आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने पर बल देते हुए युवाओं से नशामुक्ति एवं सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

ज्योति उपाध्याय ने महिला शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण को समाज की उन्नति का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय महामंत्री गोपी किशन व्यास ने किया।

अंत में कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट श्याम शर्मा एवं राष्ट्रीय महामंत्री श्यामसुंदर त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाज सेवा, संगठन विस्तार एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने की शपथ दिलाई।


© SMART HALCHAL NEWS