तीन दशक से फरार बस डकैती का आरोपी गिरफ्तार, साइबर सेल की मदद से बड़ी कामयाबी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले की कारोई थाना पुलिस ने करीब तीन दशक से फरार चल रहे डकैती के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 1996 में यात्री बस में सवारियों के साथ डकैती की वारदात में वांछित था और धारा 299 जाफो के तहत उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी बुद्धराज व वृताधिकारी सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी महावीर प्रसाद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता व लगातार दबिश देकर आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी नौशाद (52) पुत्र रादीक शेख, निवासी बेगमगंज थाना राधानगर, जिला साहिबगंज (झारखंड) है। वह थाना कारोई के प्रकरण संख्या 102/1996 (धारा 395, 397, 323 भादस) में वांछित था तथा एसीजेएम कोर्ट गंगापुर का स्थाई वारंटी भी था।
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि नौशाद पिछले 30 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था।
कार्रवाई में साइबर सेल व थाना कारोई टीम के आशीष कुमार, विष्णु सिंह, पिंटू कुमार, हेमंत सिंह और बनवारीलाल की अहम भूमिका रही।