(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 66 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में एएसपी राजेश आर्य व वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मुलचंद वर्मा के नेतृत्व में टीम ने 30 अप्रैल को रायला थाने के सामने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान भीलवाड़ा से गुलाबपुरा जा रही रोडवेज बस (RJ 13 PB 0386) को रोका गया।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम किशन (32) पुत्र लक्ष्मण बैरवा निवासी तुमड़िया, थाना साडास (चित्तौड़गढ़) बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के दोनों पैरों पर प्लास्टिक की थैलियों में टेप से बांधकर छिपाई गई 2 किलो 66 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय गुर्जर को सौंपी गई है।
कार्रवाई में राकेश भंडारी, दुलीचंद, विक्रम व बनवारीलाल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
