जयपुर में आज सजेगा प्रतिभाओं का संगम: ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स ग्रुप आयोजित करेगा ‘निःशुल्क करियर गाइडेंस’ और ‘RAS सम्मान समारोह’

अनिल खींची

जयपुर। स्मार्ट हलचल|ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एंड प्रोफेशनल ग्रुप की ओर से आगामी 10 मई 2026 (रविवार) को राजधानी जयपुर में एक भव्य निःशुल्क करियर मार्गदर्शन शिविर और RAS सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम जे.एल.एन. मार्ग स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानिंग के द्वितीय तल (V.A.B. हॉल) में सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।

विशेषज्ञों का मिलेगा मार्गदर्शन:
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार श्री रमेश सांभरिया ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को करियर के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान सिविल सेवा (UPSC), राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS/RPS), न्यायिक सेवा (RJS) के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, एमबीए और बॉलीवुड जैसे क्षेत्रों के विशेषज्ञ ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।

साइकोमेट्रिक टेस्ट और आधुनिक करियर पर चर्चा:
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए आयोजित होने वाला निःशुल्क साइकोमेट्रिक टेस्ट है। इसके माध्यम से छात्र अपनी मानसिक योग्यता और रुचि के अनुसार सही करियर विकल्प चुन सकेंगे। साथ ही एनिमेशन, आर्किटेक्चर, होटल मैनेजमेंट और रत्न एवं आभूषण (Gems & Jewellery) जैसे आधुनिक क्षेत्रों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।

प्रतिभाओं का होगा सम्मान:
करियर गाइडेंस के साथ ही हाल ही में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयनित हुए समाज के प्रतिभावान अधिकारियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि सफल अधिकारियों की उपस्थिति से छात्रों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।

पंजीकरण अनिवार्य:
आयोजन समिति ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में केवल वे ही विद्यार्थी और अतिथि आमंत्रित हैं जिन्होंने पूर्व में पंजीकरण कराया है। पंजीकृत छात्र अपनी ओरिजिनल आईडी के साथ एक अभिभावक को साथ लेकर आएं।