सुनेल 25 सितम्बर
स्मार्ट हलचल |सुनेल कस्बे में शुक्रवार को गणेश विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम और उल्लास के साथ निकाली गई। कस्बे के विभिन्न स्थानों से निकली दर्जनभर से अधिक शोभायात्राओं में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजों डीजे की धुन और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाकर रंगों की होली खेली, जिससे पूरा वातावरण सतरंगी नजर आया।
शोभायात्रा का मुख्य आयोजन राम मंदिर परिसर से शुरू हुआ। यात्रा रंजा चौक, ग्राम पंचायत चौक और महाराणा प्रताप सर्किल होते हुए आहू नदी घाट पहुंची, जहां गणेश प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। नवलपुर मोहल्ला, वाल्मीकि मंडल, राम मंदिर गणेश मंडल, कृष्ण मंदिर गणेश मंडल, कुम्हार समाज, चौथ माता मंदिर, मेला मैदान, हजारी गणेश मंदिर, घाणा चौक, पाटलिया मोहल्ला, सरकारी कुइया आर्य समाज रोड सहित विभिन्न स्थानों से गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए लाई गईं। दस दिनों तक कस्बे में दर्जनों स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते हुए भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। प्रमुख चौराहे पर दिखाए हैरतअंगेज करतब
गणेश मंडल की ओर से कस्बे के प्रमुख चौराहे पर अखाड़े का प्रदर्शन भी किया गया। अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर मौजूद लोग रोमांचित हो उठे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे। पूरी शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में सराबोर नजर आए। अबीर-गुलाल और रंगों की वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दिया।