सभापति की पहल पर गंगापुर सिटी में नालों की सफाई का विशेष अभियान शुरू, शहर को जलभराव मुक्त बनाने की कवायद

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल।शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से नालों की सफाई के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। सभापति कृष्ण कुमार गोयल (कुबेर) की पहल पर विशेष सफाई टीम गठित कर पूरे शहर में नालों की सफाई का कार्य निरंतर करवाया जाएगा।सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन लोगों ने नालों के ऊपर पट्टियां, जाल, रैंप अथवा अन्य किसी प्रकार के अवरोध रख रखे हैं, वे उन्हें स्वयं हटा लें, ताकि सफाई कार्य सुचारू रूप से किया जा सके और सफाई कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है, लेकिन इस अभियान की सफलता शहरवासियों के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नालों की सफाई में सहयोग करने की अपील की।सभापति ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य स्वच्छ गंगापुर, स्वस्थ गंगापुर के संकल्प को साकार करना है, ताकि शहर को सुंदर बनाने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिल सके।