बुखार उतारने के लिए लगाया इंजेक्शन, जिंदगी ही छीन ली!

महेन्द्र नागौरी

CA छात्रा प्राची की मौत से भड़का सुभाषनगर, मेडिकल स्टोर पर पथराव-आगजनी की कोशिश; दुकान सीज, आरोपी की तलाश जारी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|बुखार से तप रही 17 वर्षीय CA छात्रा प्राची मेहता को क्या पता था कि इलाज के लिए मेडिकल स्टोर जाना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। परिजनों का आरोप है कि सुभाषनगर स्थित लव-कुश मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद ही उसे इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद प्राची की तबीयत बिगड़ती चली गई। गंभीर हालत में उसे रामस्नेही चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उदयपुर रेफर किया गया। आखिरकार 13 नवंबर की रात प्राची जिंदगी की जंग हार गई।
मौत की खबर पर सड़कों पर उतरे लोग
प्राची की मौत की खबर फैलते ही 14 नवंबर को सुभाषनगर में आक्रोश भड़क उठा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साई भीड़ ने दुकान के शटर पर पथराव किया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची। लोगों ने मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
मेडिकल स्टोर सीज, आरोपी की तलाश
बढ़ते आक्रोश के बीच प्रशासन ने लव-कुश मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया। सुभाषनगर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी संचालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थानाप्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई के अनुसार पुलिस टीम उदयपुर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवा रही है। चिकित्सकीय बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल प्राची की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत की वजह क्या रही।