गंगापुर पालिका अध्यक्ष चुनाव: कांग्रेस में बड़ी फूट, तीन दावेदार मैदान में

गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)

स्मार्ट हलचल|गंगापुर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस खेमे में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। बहुमत हासिल करने के बावजूद पार्टी के अंदर एकजुटता बनाए रखना अब बड़ी चुनौती बन गया है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी समीकरण बदलने लगे हैं और कांग्रेस में तीन नाम सामने आ गए हैं।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रेखा हिरण ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है। वार्ड 23 से जीती रेखा हिरण ने अपनी दावेदारी स्पष्ट कर दी है। इससे पहले प्रीति काकाणी और ललिता सांखला ने भी नामांकन दाखिल कर दिया था। अब कांग्रेस खेमे से प्रीति काकाणी, ललिता सांखला और रेखा हिरण—तीन नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। रेखा हिरण की दावेदारी से कांग्रेस में हलचल मच गई है। अगर रेखा हिरण निर्दलीय रहती हैं तो पार्टी की संख्या घटने के आसार बढ़ सकते हैं।
दूसरी ओर भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए विंकल सिंघवी के नाम पर दांव लगाया है। विंकल सिंघवी भाजपा की ओर से आधिकारिक उम्मीदवार हैं। कांग्रेस में दावेदार बढ़ने से चुनाव दिलचस्प हो गया है। अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर महासंग्राम तेज हो चुका है और नामांकन के साथ ही राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं।कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती है कि बहुमत के बावजूद पार्टी एकजुट रहे। अध्यक्ष चुनाव से पहले कांग्रेस खेमे में बढ़ी सियासी सरगर्मी ने पूरे घटनाक्रम को और रोचक बना दिया है।