पहले बाल अपचारी सहित दो आरोपी हो चुके गिरफ्तार, अब तक एक इन्वर्टर, एक बैटरी, एक सबमर्सिबल, दो पानी की मोटर और दो गैस सिलेंडर बरामद
अमर चन्द बैरवा
महवा|स्मार्ट हलचल|महवा कस्बे में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही विधि से संघर्षरत एक बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर चुकी है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक कुन्दन कंवरिया के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीना के निर्देशन तथा महवा वृत्ताधिकारी अनूप सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
*अलग-अलग स्थानों से चुराए थे घरेलू सामान*
पुलिस के अनुसार, परिवादी विनोद कुमार निवासी पाराशर कॉलोनी, महवा ने 3 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 20, 23 और 29 सितंबर को अज्ञात चोर महवा कस्बे में अलग-अलग स्थानों से तीन गैस सिलेंडर, चार पानी की मोटर, एक बैटरी और एक इन्वर्टर चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 413/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में पिंटू और राहुल को गिरफ्तार किया था। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक इन्वर्टर, एक बैटरी, दो पानी की मोटर, एक सबमर्सिबल और एक गैस सिलेंडर बरामद किया था।
*तीसरे आरोपी से भी बरामद हुआ सिलेंडर*
पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर को आबिद पुत्र अज्जो (36), निवासी गणेश मंदिर के पीछे, महवा को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया एक अन्य गैस सिलेंडर बरामद किया गया। पुलिस अब चोरी की वारदातों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है तथा प्रकरण में आगे अनुसंधान जारी है।
*पुलिस टीम में ये रहे शामिल*
कार्रवाई करने वाली टीम में महवा थानाधिकारी महेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शिवराम, कांस्टेबल भगवान सिंह, राजकुमार और कप्तान सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल भगवान सिंह और राजकुमार की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
अब तक की बरामदगी: एक इन्वर्टर, एक बैटरी, एक सबमर्सिबल, दो पानी की मोटर और दो गैस सिलेंडर।