मेड़ता रोड सीएचसी में चलाया गया एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान।
अब तक 40 बालिकाओं को लगाई गई एचपीवी वैक्सीन,
चिकित्सकों ने बताया इसे समय की जरूरत।
एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता रोड। स्मार्ट हलचल|बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेड़ता रोड में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 40 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को लेकर अभिभावकों एवं छात्राओं में जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार शर्मा,
डॉ पवन कुमार चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ, सरकारी विद्यालय के अध्यापक तथा सरिता सेन एएनएम
एव समस्त आशा कार्यकर्ता
उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार शर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, जो ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण के कारण होता है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम माना जाता है। यदि किशोरावस्था में यह वैक्सीन लगवा ली जाए तो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेड़ता रोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में यह विशेष वैक्सीनेशन अभियान आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।
डॉ. शर्मा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित देश के स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इसे प्रभावी मानते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद सरकारी अध्यापकों ने भी बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित टीकाकरण करवाने के लिए प्रेरित किया। अध्यापकों ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी अत्यंत आवश्यक है और एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं के उज्ज्वल एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टीकाकरण अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने बालिकाओं का पंजीकरण कर उन्हें वैक्सीन लगाई तथा वैक्सीन से संबंधित आवश्यक सावधानियों एवं लाभों की जानकारी भी प्रदान की। इस दौरान केंद्र पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती नजर आईं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा तथा अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंचकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से बचाने का प्रयास किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य क्षेत्र की प्रत्येक पात्र बालिका तक एचपीवी वैक्सीन पहुंचाना है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान समाज में महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
