कोटा। स्मार्ट हलचल|विश्व हिंदू समुदाय के वैश्विक संवाद और चिंतन का प्रमुख मंच वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस (WHC) इस वर्ष मुंबई में अपना चौथा अध्याय लिखेगा। 18 से 20 दिसंबर तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने वाले महासम्मेलन में देश-दुनिया से हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता जुटेंगे। सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ है, जिसका भावार्थ है—साझा संकल्प और सामूहिक दृढ़ता।
कोटा में आयोजित जागरूकता एवं संवाद सभा में स्वामी विज्ञानानन्द स्वामी बताया कि ‘यतो धर्मस्ततो जयः’—जहां धर्म है, वहां विजय है—की भावना से संचालित यह महासम्मेलन प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित होता है। वर्ष 2014 में दिल्ली से शुरू हुई इसकी यात्रा 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक तक पहुंची। अब मुंबई में इसका नया अध्याय शुरू होगा।
महासम्मेलन में सात समानांतर विषयगत मंच होंगे—वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम, हिंदू एजुकेशन कॉन्फ्रेंस, हिंदू मीडिया कॉन्फ्रेंस, हिंदू पॉलिटिकल कॉन्फ्रेंस, हिंदू वुमेन कॉन्फ्रेंस, हिंदू यूथ कॉन्फ्रेंस और हिंदू ऑर्गेनाइजेशनल कॉन्फ्रेंस। इन मंचों के माध्यम से आर्थिक, शैक्षणिक, मीडिया, राजनीतिक, महिला, युवा और संगठनात्मक क्षेत्रों में हिंदू समाज की भूमिका, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर विमर्श होगा।
संयोजक यशपाल भाटिया और सहसंयोजक अचल पोद्दार ने बताया कि सम्मेलन को लेकर देशभर में जनसंपर्क एवं सहभागिता अभियान चलाया जा रहा है। कोटा इकाई के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने कहा कि उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को इस वैश्विक आयोजन से जोड़ना और इसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अभियान को स्वामी विज्ञानानंद का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
बैठक में राष्ट्रीय कर सलाहकार एवं लघु उद्योग भारती के गोविंदराम मित्तल, पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ताराचंद गोयल,पूर्व महापौर महेश विजय,पूर्व सांसद इज्यराजसिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष यशपाल भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अचल पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष मनोज राठी, कोटा अध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सचिव संदीप जांगिड़, कोषाध्यक्ष संदीप बाकलीवाल, कपिल बाहेती, आशुतोष जैन, नरेंद्र हेड़ा, देवेंद्र कुमार सक्सेना,चाँदनी पोद्दार अध्यक्ष महिला इकाई, निहारिका गुप्ता सचिव महिला इकाई,जीडी पटेल, गोविंद माहेश्वरी और अरविंद सिसोदिया सहित संघ परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोविंद राममित्तल एवं ताराचंद गोयल ने कहा कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर हिंदू समाज की सामूहिक शक्ति, ज्ञान, उद्यमशीलता और संगठनात्मक क्षमता को एक मंच पर लाने का प्रयास है। मुंबई में होने वाला आयोजन साझा संकल्प के साथ भविष्य की नई दिशा तय करने का अवसर बनेगा।
