विश्व आदिवासी दिवस पर टीम सुमन मीणा ने लगाएं कहीं पेड़, टीम टीएसएम का ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ अभियान-2026’ ज़ारी

डॉ. हर सहाय मीणा और सुमन मीणा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश: “हर साल दो पेड़ लगाएं”*

जमवारामगढ़/भरत देवड़वाल
स्मार्ट हलचल|विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानड़ियावाला एवं टीम सुमन मीणा (TSM) जमवारामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जमवारामगढ़ क्षेत्र में ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ जारी अभियान-2026’ के तहत वृहद वृक्षारोपण एवं वृक्ष-वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत कानड़ियावाला, निझरा महादेव, बाड़ियावाला, भानपुरकलां, मालियों की ढाणी, नांगल तुलसीदास, सुरेड़ी, घाटा जलधारी एवं बासना सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पौधारोपण के साथ-साथ आमजन को निःशुल्क पौधे भी वितरित किए गए।

*पेड़ केवल पर्यावरण का आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी हैं- डॉ हरसहाय मीना*

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. हर सहाय मीणा, आईएएस ने कहा कि
_“पेड़ केवल पर्यावरण का आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी हैं। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और घटते भूजल स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। मेरा आह्वान है कि हर व्यक्ति पेड़ लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।”_

*“विश्व आदिवासी दिवस हमें जल-जंगल-जमीन से जुड़ी आदिवासी परंपराओं की याद दिलाता है- सुमन मीणा*

कार्यक्रम की संयोजक व लक्ष्मी नारायण मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष पंचायत समिति सदस्य सुमन मीणा, जमवारामगढ़ ने कहा कि
_“विश्व आदिवासी दिवस हमें जल-जंगल-जमीन से जुड़ी आदिवासी परंपराओं की याद दिलाता है। आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति का संरक्षक रहा है। इसी भावना के साथ हम ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ अभियान’ के जरिए हर गांव में हरियाली बढ़ा रहे हैं।_
_हर साल दो पेड़ लगाएं, धरती मां का कर्ज चुकाएं। पहला पेड़ अपने लिए और दूसरा पेड़ अपनों के लिए।”_

उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक पौधारोपण का संकल्प लिया।

*अभियान का संदेश:*
_“सांसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम।”_

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।