पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर की सुख-समृद्धि की कामना
आकोला(रमेश चंद्र डाड)
स्मार्ट हलचल|कोटड़ी क्षेत्र में गोवर्धन पूजा (अन्नकूट महोत्सव) श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और दीर्घायु की कामना की।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं ने गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन महाराज की सुंदर आकृतियां बनाकर उन्हें आकर्षक रूप से सजाया तथा विधि-विधान के साथ पूजन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं छोटे-छोटे समूहों में एकत्रित हुईं और सामूहिक रूप से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना एवं परिक्रमा की।
इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से भक्ति और आस्था का परिचय दिया। उन्होंने “आवो गोवर्धन जी महाराज, पूजू पगलिया माथा आज, पूरण करजो सारो काज, जुग-जुग जिए परिवार” सहित “पूजा गोवर्धन वीर” जैसे अनेक पारंपरिक गीत गाए। महिलाओं ने भगवान से परिवार में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। वहीं, बुजुर्ग महिलाओं ने गोवर्धन पूजा से जुड़ी पौराणिक कथाएं सुनाकर नई पीढ़ी को इस पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से अवगत कराया।
गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव का अहंकार दूर करने तथा ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर धारण किया था। सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों एवं पशु-पक्षियों को इंद्रदेव के प्रकोप से सुरक्षित रखा। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस दिन गोवर्धन महाराज के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है। कांटी में महिलाओं द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत करता नजर आया।