(दिनेश लक्षकार)
गंगापुर|स्मार्ट हलचल|शहर में गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक आस्था, श्रद्धा एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने घरों एवं आसपास के स्थानों पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकर्षक आकृतियां बनाकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज की पूजा कर अपने पुत्र की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना की।सुबह से ही महिलाओं में गोवर्धन पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया तथा गोवर्धन महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर रोली, चावल, फूल, माला एवं विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की और परिवार की सुख-शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाया जाता है। यह पर्व प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश देता है। ज्ञान जी की चौक और शास्त्री नगर वार्ड नंबर 10 की महिलाओं ने भी गोवर्धन पूजा की जिसमें भोली देवी लक्षकार ,रेखा लक्षकार ,संजू गर्ग ,गीता पंचोली,कला प्रजापत, कंचन प्रजापत, सीता देवी टेलर, माया पंचोली, मीना देवी शर्मा, उमा टेलर, शालिनी टेलर अनेक महिलाएं उपस्थित रही।