पाटन/डाबला। स्मार्ट हलचल|डाबला-नीमकाथाना मार्ग पर रामनगर के पास बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुए सड़क हादसे में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुरा के भौतिक विज्ञान व्याख्याता नरेश सैनी (37) की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
डाबला थानाधिकारी सुनीता बाएल के अनुसार, छुट्टी के बाद नरेश बाइक से घर लौट रहे थे। रामनगर के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया।
साथी शिक्षक पंकज मीणा ने बताया कि नरेश रोजाना नीमकाथाना से पांच शिक्षकों के साथ कार से स्कूल आते-जाते थे। बुधवार को अन्य साथियों को काम होने के कारण कार से नहीं जाना था, जिसके चलते नरेश अकेले बाइक से स्कूल गए थे। स्कूल से लौटते समय यह हादसा हो गया।
नरेश सैनी वर्ष 2015 में शिक्षक भर्ती में चयनित हुए थे। वर्ष 2017 में व्याख्याता पद पर पदोन्नति के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बांसवाड़ा में हुई। वर्ष 2020 में डेपुटेशन पर वे श्यामपुरा स्कूल आए थे।
नरेश के परिवार में पत्नी के अलावा 4 और 6 वर्ष की दो बेटियां तथा 2 वर्ष का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है।