21 को ‘एक शाम चारभुजा के नाम’ भजन संध्या, 22 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|पिपलाज सावर तहसील क्षेत्र के पिपलाज गांव में जलझूलनी एकादशी महोत्सव इस वर्ष 21 एवं 22 सितंबर को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव को लेकर ग्रामीणों एवं आयोजन समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान भजन संध्या, शोभायात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव के तहत 21 सितंबर सोमवार को रात 8 बजे ‘एक शाम चारभुजा के नाम’ विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। बाबा रामदेवजी मंडली पिपलाज के तत्वावधान में होने वाली भजन संध्या में राजस्थान के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
भजन संध्या में भजन गायक फूलसिंह उलेला एवं सिंगर रामू राजस्थानी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। ऑर्गन पर सचिन देवली, पैड पर सुनील राव तथा ढोलक पर अशोक केकड़ी संगीत की संगत करेंगे। वहीं डांसर किरण वर्मा एवं डांसर श्याम लाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में कोमल साउंड पारा के ऑपरेटर रोहित पायल रहेंगे।
बेवान के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महोत्सव के दूसरे दिन 22 सितंबर मंगलवार को सुबह 9:15 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर भगवान रुणिचा श्याम बाबा रामदेवजी का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। विभिन्न मंदिरों के बेवान के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में बैंड-बाजे एवं आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल रहेंगी। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई धर्म तलाई पहुंचेगी।
धर्म तलाई पर विधि-विधान एवं श्रद्धा-भक्ति के साथ भगवान बाबा रामदेवजी को जल में झुलाने की पारंपरिक जलझूलनी एकादशी की रस्म निभाई जाएगी। इस धार्मिक आयोजन में पिपलाज सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजन समिति एवं ग्रामीण कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।