घर में घुसकर महिला व पुत्र से की थी बर्बरता, मांगे थे 9 लाख रुपए व जमीन के कागजात; पूर्व में महिला भगाने की रंजिश में दिया था वारदात को अंजाम

घर में घुसकर महिला व पुत्र से की थी बर्बरता, मांगे थे 9 लाख रुपए व जमीन के कागजात; पूर्व में महिला भगाने की रंजिश में दिया था वारदात को अंजाम

मांडल/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)

मांडल थाना क्षेत्र के ग्राम रावों का खेड़ा में एक परिवार के सदस्यों को बिजली के पोल से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार, एएसपी (सहाड़ा) बुद्धराज व सीओ (मांडल) राहुल जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

घर में घुसकर लाठियों से पीटा, पोल से बांधकर मांगे 9 लाख व कागजात

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को पीड़िता शांति देवी (56) पत्नी नंदलाल राव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियों ने एकराय होकर उनके घर में घुसकर मारपीट की और उन्हें व उनके परिजनों को बाहर ले जाकर बिजली के खंभे से बांध दिया। आरोपियों ने लाठियों से हमला कर जमीन के कागजात और 9 लाख रुपये की फिरौतीनुमा मांग की। पुलिस ने विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

महिला भगा ले जाने की पुरानी रंजिश में की बर्बरता

अनुसंधान में सामने आया कि पीड़िता और आरोपी दोनों एक ही समाज से संबंधित हैं। 16 सितंबर को आरोपी पक्ष के हिम्मत सिंह ने पीड़िता के पुत्र सुरेश राव के विरुद्ध अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पूर्व में भी पीड़िता के बड़े पुत्र द्वारा गांव की महिला को ले जाने की बात सामने आई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कानून हाथ में लेते हुए यह हिंसक कृत्य किया।

🛑 गिरफ्तारशुदा अभियुक्तगण:

  • सज्जन सिंह पिता अग्रसिंह राव (निवासी लाछूड़ा, थाना आसींद)
  • लादूलाल (उम्र 74 वर्ष) पिता चुन्नीलाल राव (निवासी लाछूड़ा, थाना आसींद)
  • गोपाल सिंह (उम्र 62 वर्ष) पिता बालू सिंह राव (निवासी लाछूड़ा, थाना आसींद)
  • चैन सिंह (उम्र 70 वर्ष) पिता भैरू सिंह राव (निवासी रावों का खेड़ा, थाना मांडल)
  • श्रीमती लाड देवी (उम्र 60 वर्ष) पत्नी चैन सिंह राव (निवासी रावों का खेड़ा, थाना मांडल)

*(पूर्व में हिम्मत सिंह व लक्ष्मण सिंह को भी धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया जा चुका है)*

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में मांडल थानाधिकारी गजेंद्र सिंह (पु.नि.), अनुसंधान अधिकारी देवलाल (उ.नि.), हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर सिंह (1496), कांस्टेबल सर्जेश कुमार (592), रमेश कुमार (1827) एवं रामदेव (90) शामिल रहे। पुलिस शेष वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी है।